सड़क दुर्घटना में मौत के बाद कांवड़िये का शव फेंका गंग नहर में, गिरफ्तार
दो कांवड़ियों की वाहन से टक्कर लगने से हुई थी मौत
सड़क दुर्घटना में 02 व्यक्तियों की मृत्यु कारित करने वाला मौसेरे भाई सहित गिरफ्तार
सड़क पर जा रहे 02 कांवड़ियों को मारी थी टक्कर
दुर्घटना में एक की उपचार के दौरान हो गई थी मृत्यु
साक्ष्य छिपाने को दूसरा का शव फेंका था गंगनहर में
गुमशुदगी व दुर्घटना की जाँच के दौरान जुडटी कड़ियां
देहरादून,—वाहन की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत के बाद एक का शव पुलिस को बरामद हो गया था, लेकिन दूसरे का शव साक्ष्य छिपाने के लिए गंगनहर में फेंक दिया गया था। परिवार वाले गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद तलाश में जुटे थे। पुलिस ने गुमशुदगी और हादसे की कड़ियां जोड़ी गई तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी के अलावा मौसेरे भाई को गिरफ्तार कर पूरी वारदात का खुलासा किया गया है।
एसपी ऋषिकेश जया बलोनी ने पूरे प्रकरण का खुलासा करते हुए जानकारी में बताया कि 29 जुलाई को दीपक राठी निवासी विकासनगर जिला झज्जर हरियाणा ने रायवाला पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि उनके पिता प्रदीप राठी (उम्र 54 वर्ष) कांवड़ लेकर ऋषिकेश आ रहे थे। 26 जुलाई की सुबह 05:21 बजे सीसीटीवी फुटेज में थाना रायवाला गेट के सामने से जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद से लापता है। पुलिस ने प्रदीप राठी की गुमशुदगी दर्ज की। आस-पास व आने जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। गुमशुदा लोगों के संबंध में आस पास के थानों से जानकारी ली गई।
जांच में पता चला कि 26 जुलाई की सुबह करीब 05:30 बजे के आस-पास रायवाला क्षेत्र वन डिपो के पास एक अज्ञात वाहन ने 02 व्यक्तियों को टक्कर मारी थी। जिसमें से एक व्यक्ति सत्यनारायण (40) निवासी नांदौती करौली राजस्थान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना के संबंध में थाना रायवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में दूसरे व्यक्ति की पहचान के सम्बन्ध में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली थी। क्योंकि, गुमशुदा प्रदीप राठी के थाने के पास से गुजरने के समय व दुर्घटना के घटित होने के समय मे समानता होने पर पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज गुमशुदा के परिजनों को दिखाई। दूसरे व्यक्ति की पहचान गुमशुदा प्रदीप राठी के रूप में की गई। आरोपी की तलाश के लिए आस पास के कैमरों की फुटेजों को चेक किया गया। वाहन के चालक रविन्द्र सिंह नेगी मूल निवासी ग्राम सरोवर मेहल चोरी गैरसैण चमोली हाल निवासी भारत कालोनी अशोक नगर कैंट एरिया रुड़की हरिद्वार को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने लाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर वारदात का खुलासा हुआ।
— गाड़ी में फंसकर दूर तक घसीटता हुआ गया शव
आरोपी रविंद्र नेगी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि 26 जुलाई को करीब 05.30 बजे अचानक झपकी आ गई थी। रायवाला बाजार से कुछ दूरी पर उसके मैक्स वाहन से 02 कांवड़ियों को टक्कर लग गई थी, जिसमें से एक कांवड़िया वहीं पर गिर गया था। दूसरा कांवड़ियां उसकी गाड़ी में फंसकर कुछ दूर आगे तक घसीटता हुआ चला गया था। जिसे वह बाहर निकालकर अपनी गाड़ी से उपचार के लिये डॉक्टर के पास लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसे महसूस हुआ कि व्यक्ति की मृत्यु हो गई है।
— मौसेरे भाई के साथ मिलकर शव लगाया ठिकाने–
पूछताछ में बताया कि घबराकर उसने अपने मौसेरे भाई सौरभ सिंह पंवार निवासी ग्राम बिजराकोट चोपता रुद्रप्रयाग हाल निवासी भारत कालोनी अशोक नगर कैण्ट एरिया सिविल लाइन रुड़की हरिद्वार को फ़ोन कर घटना की जानकारी दी। उसके कहने पर शव को अपनी गाड़ी से कलियर व मेहवड़ के आस पास ले गया, जहां उसका मौंसेरा भाई सौरभ सिंह पंवार उसे मिला। दोनों भाइयों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। मौका देखकर शव को सुनसान जगह पर गंगनहर में फेंक दिया। रविवार को अभियुक्त रविन्द्र सिंह नेगी व उसके साथ शव को ठिकाने लगाने की साजिश में शामिल उसके मौसेरे भाई सौरभ सिंह पंवार को गिरफ्तार किया गया। बताया कि प्रदीप राठी के शव की तलाश के लिए टीमें गठित कर गंग नहर रुड़की क्षेत्र भेजी गई हैं। शव की तलाश जारी है।
