डोईवाला में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, तीन घायल


देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में बुधवार सुबह मणिमाई मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल जाने के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे सूचना मिली कि मणिमाई मंदिर के पास सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना पर कोतवाली डोईवाला और चौकी हर्रावाला से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि देहरादून की ओर से आ रहा पिकअप वाहन अचानक पिछला टायर निकलने के कारण अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही इको वैन संख्या एचआर-12-ए-8730 भी अनियंत्रित होकर पिकअप से जा टकराई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य घायलों की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेश (42) पुत्र महावीर निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा और विनोद निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है।
घायलों में विपेंद्र सिंह (35) पुत्र रामबरन सिंह निवासी रेलवे रोड, हरियाणा तथा विक्की पुत्र रामभरोसे निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। तीसरे घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है, जिसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा अचानक हुआ और कुछ घायल गंभीर हालत में बेहोश थे, जिसके कारण अन्य मृतकों व घायलों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास कर रही है।

