लठ चलाने वाले गिरफ्तार, गोली मारने वाले फरार
साहिल को गोली मारने वाला गुरमित सहित अन्य की तलाश जारी
ताबड़तोड़ गोलियां चलने से क्षेत्र में फैली थी दहशत
पटेलनगर कोतवाली में पुलिस ने दोनों पक्षों पर किया मुकदमा
देहरादून, – पटेलनगर के लालपुल के पास रंजीश के चलते छात्रों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में मुख्य अभियुक्त गूरमित सहित फायरिंग में शामिल आरोपी दूसरे दिन भी पुलिस गिरफ्त से दूर रहे। हालांकि लाठी डंडों से एक दूसरे पर हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की ये कार्रवाई मारपीट और बलवे की धाराओं में की गई। दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। हालांकि फायरिंग के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
वीरवार दोपहर करीब सवा तीन बजे पटेलनगर क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात के मामले में लगातार दबिश दी जा रही है। लाठी डंडों से हमला करने वाले दोनों पक्षों में शामिल सूजल पाल निवासी जलालाबाद भवन शामली यूपी, आदित्य मलिक निवासी चन्द्रणी कौशल्या एनक्लेव पटेलनगर, अंशुल निवासी शिकारपुर मंगलौर हरिद्वार और आर्यन निवासी बरसी थाना तीतरो सहारनपुर यूपी की गिरफ्तारी कर कोर्ट में पेश किया गया। बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के 11 नामजद और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना में हुई फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गुरमीत के साथी अमन और रमन की तलाश जारी है। वीरवार दोपहर हुई इस घटना के बाद फायरिंग मामले में फरार हुए रोहित की गिरफ्तारी कर ली गई थी।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार सवार युवकों की ओर से फायरिंग की गई है और घटना में एक युवक साहिल घायल हुआ था। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई गई थी। गोली लगने से घायल युवक साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया था। जिसका उपचार चल रहा है।
इनसेट-
पुराने विवाद में आमने-सामने आए दोनों पक्ष
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पहले दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हुई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। एक पक्ष से सुजल, अंशुल, आदित्य, आर्यन, विशाल, दक्ष, साहिल समेत अन्य युवक दूसरे पक्ष के गुरमीत, रमन, अमन और रोहित के साथ मारपीट में शामिल थे। इसके बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं।
– बाइक से कार का पीछा, दोबारा चली थी गोली
जांच में पुलिस को पता चला कि दूसरे पक्ष के गुरमीत और उसके साथियों ने पहले आईटीएस कॉलेज के पास प्रथम पक्ष के युवकों पर फायरिंग की। इसके बाद प्रथम पक्ष के युवकों ने उनका पीछा किया। पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने के दौरान कार सवार युवकों ने शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास दोबारा फायरिंग की। इसी दौरान बाइक सवार साहिल को गोली लग गई थी। सार्वजनिक स्थान पर हुई मारपीट और फायरिंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोगों में भी दहशत का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की। पटेलनगर कोतवाली में दोनों पक्षों के 11 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग और मारपीट कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
