कैनाल रोड हादसे में महिला की मौत, दो युवक गिरफ्तार
राजपुर क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर, एक महिला की मौत, दूसरी घायल
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने कार चालक समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 21-22 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे यूपी-14 डीई 0052 नंबर की आई-20 कार ने कैनाल रोड पर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना 112 के माध्यम से मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कार, स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिससे वाहन सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से टकरा गया। हादसे में स्कूटी पर सवार दो महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में 26 वर्षीय नैना राजपूत पत्नी अभिषेक मेहरा निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला को गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर तथा उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन के ब्रेक नहीं लगने के कारण दुर्घटना हुई।
राजपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के पंचायतनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच में जुटी है।

