68 लाख की साइबर ठगी मामले में दो सदस्य पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
निवेश करके अधिक मुनाफे का झांसा की थी देकर लाखों की साइबर ठगी
उत्तराखंड एसटीएफ ने की गिरफ्तारी
देहरादून– 68 लाख की साइबर ठगी में शामिल अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी की थी। ठगी की धनराशि में से 27.20 लाख गिरफ्तार आरोपियों के खाते में पहुंचे थे। इनके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 19 से अधिक साइबर क्राइम से संबंधित शिकायतें दर्ज है। दोनों खातों की खरीद-फरोख्त में मुख्य आरोपी है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों ने खुद को यूएसए और भारत में शेयर मार्केट से जुड़ा बताकर शिकायतकर्ता को शेयर मार्केट/आईपीओ में निवेश करने पर अधिक लाभ का झांसा दिया गया था। 16 अक्टूबर से 18 नवम्बर 2025 के बीच अलग अलग बैंक खातों में कुल 47,63,537 रुपये जमा कराए थे। मामले की शिकायत मिलने पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी। जांच में पाया गया कि साइबर ठगी से मिली रकम बैंक खाते में ली गई। आरटीजीएस के माध्यमों से अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित की गई थी। दोनों मुकदमों में 15 लाख और 12.20 लाख कुल 27.20 लाख की धनराशि ट्रांसफर की गई थी।
व्हाट्सएप चैट से मिली डिजिटल कड़ी-
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि अभियुक्त राकेश कुमार रजक के कब्जे से पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन की जांच की। सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई के साथ हुई व्हाट्सएप चैट मिली। चैट के विश्लेषण से बैंक खाते की नेट बैंकिंग उपलब्ध कराने और इसके एवज में कमीशन की धनराशि प्राप्त करने से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले। इसी के आधार पर गिरफ्तार कर आगे की कड़ियां जोड़ी गई। बताया कि कई और अहम जानकारी मिली है जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनसेट-
पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी
एसटीएफ ने जांच के दौरान कई साक्ष्य जुटाए। अभियुक्तों की साइबर ठगी में सक्रिय भूमिका पाए जाने पर एसटीएफ व साइबर क्राइम पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में दबिश दी। अभियुक्त राकेश कुमार रजक और सैयद शादाब अली को गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर देहरादून लाया गया। गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार रजक और सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई कोलकाता पश्चिम बंगाल के रहने वाले है।

