कंडोली-बिधोली रपटे में बही दो कारें, दो युवकों को बचाया, छात्रा समेत दो की मौत
देहरादून।
प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात कंडोली-बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे का तेज बहाव दो परिवारों के लिए काल बन गया। तेज पानी के बहाव का अंदाजा न लग पाने के कारण दो वाहन रपटे में बह गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने सकुशल बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त और एक सितंबर की मध्य रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली प्रेमनगर को सूचना मिली कि कंडोली-बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे में दो वाहन तेज बहाव में बह गए हैं और उनके अंदर लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी के बीच तेज बहाव में फंसी स्कॉर्पियो संख्या HR 08 AG 8743 से एक 22 वर्षीय युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि उसके साथ सवार अक्षय (21 वर्ष), निवासी जयपुर, राजस्थान को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने उसका शव वाहन से बरामद किया।
वहीं दूसरे वाहन क्रेटा संख्या RJ13 CE-5641 में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। रेस्क्यू टीम ने अंश बवेजा (22 वर्ष), निवासी श्रीगंगानगर, राजस्थान और सहज प्रीति कौर (18 वर्ष) को सकुशल बचा लिया। जबकि वाहन में सवार कनन सचदेवा (19 वर्ष), निवासी पीलीबंगा, हनुमानगढ़, राजस्थान का शव रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी से बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अग्रिम कार्रवाई के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवा दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि रात के अंधेरे में वाहन सवार लोगों को रपटे के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं हो पाया, जिसके चलते दोनों वाहन पानी में बह गए। स्कॉर्पियो में सवार दोनों युवक प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र बताए गए हैं। वहीं क्रेटा में सवार युवक और युवतियां राजस्थान से देहरादून आए थे। बताया गया कि उनमें से एक युवती का प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान में दाखिला होना था। मृतक कनन सचदेवा श्रीगंगानगर स्थित टांटिया यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की छात्रा थी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान उफनते रपटों और नदी-नालों को पार करने के खतरों को उजागर कर दिया है।

