बरसाती रपटे में दो गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बही, दो की मौत
एमबीबीएस कर रही छात्रा सहित दो की मौत, तीन सुरक्षित रेस्क्यू
प्रेमनगर कंडोली-बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे में बह थे दो वाहन



देहरादून—सोमवार रात हुई तेज बारिश के बीच कई हादसे सामने आए। प्रेमनगर कंडोली-बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे में फंसकर दो वाहन (कारें) बह गए। अलग-अलग इन दोनों कारों में सवार एक युवती और एक युवक की मौत हो गई। जबकि, अन्य को पुलिस सुरक्षित रेस्क्यू करने में सफल रही और जान बचाई जा सकी। हादसे में मरने वालों में क्रेटा कार सवार एक युवती टाटिया यूनिवर्सिटी गंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थी। वहीं, स्कार्पियों-एन कार में सवार मरने वाला युवक यूपीईएस का छात्र था।
प्रेमनगर थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली थी कि कंडोली- बिधोली पुल के पास बरसाती रपटे में दो गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गई है। दोनों कारों में कई लोग सवार थे। प्रेमनगर से पुलिस टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। आपदा राहत टीम एनडीआरएफ और फायर सर्विस टीम को भी घटनास्थल पर पहुंचाने के लिए कहा गया। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ के साथ ही फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने रेस्कयू अभियान शुरू किया। नदी के बीच बह रहे वाहन स्कॉर्पियो-एन एचआर- 08 एजी 8743 में सवार 02 युवकों में से एक युवक संभव निवासी हरियाणा (उम्र 22 वर्ष) को वाहन से सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। जबकि उसके साथी अक्षय निवासी जयपुर राजस्थान (उम्र 21 वर्ष) की घटना में म्रत्यु हो गई थी। जिसके शव को पुलिस ने बरामद किया। संभव और अक्षय यूपीईएस में पढ़ते थे। जिसमें से अक्षय की मौत हुई है।
—एडमिशन होने पर राजस्थान से आए थे देहरादून–
वहीं, रपटे में बहे दूसरे वाहन क्रेटा नंबर आरजे 13 सीई 5641 में एक युवक और दो 02 युवतियां सवार थी, जिनमे से पुलिस ने अंश बवेजा (22 वर्ष) पुत्र गुलशन कुमार निवासी श्री गंगानगर राजस्थान और सहज प्रीति कौर (उम्र 18 वर्ष) को रेस्क्यू किया जो बीबीए एलएलबी की छात्रा है। सहज और अंश दोनों बहन भाई है। दोनों सुरक्षित है। जबकि वाहन सवार एक अन्य युवती कनन सचदेवा (उम्र 19 वर्ष) पुत्री विकास सचदेवा निवासी पीली बंगा हमुनगड गांगा नगर राजस्थान के शव को नदी से बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक युवती टाटिया यूनिवर्सिटी गंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थी। सहज का देहरादून में एडमिशन हुआ था। जिसको छोड़ने के लिए राजस्थान से देहरादून आए थे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। साथ ही घटना के संबंध में मृतकों की परिजनों को सूचना दे दी गई है।
-इनसेट—तेज बहाव का नहीं हो सका अंदाजा–
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों से लेकर मैदानी इलाकों में बीते दिनों से लगातार बारिश हो रही है। रूक-रूक कर हो रही तेज बारिश के चलते नदी नाले उफान पर है। सोमवार रात भी तेज बारिश के दौरान ये घटना हुई है। घटना के संबंध में जानकारी करने पर वाहन सवार अन्य व्यक्तियों ने बताया गया कि रात में बिधोली-कंडोली पुल के पास रपटे के तेज बहाव का अंदाजा ना हो पाने के कारण उनके वाहन रपटे के तेज बहाव में बह गए थे। बीते दिनों भी कई हादसे हुए। जिसके बाद नदियों के किनारे पुलिस लगातार लोगों को अलर्ट भी कर रही है। बावजूद कई मामले लापरवाही के चलते सामने आ रहे है। इन दोनों मामले में पूछताछ में पता चला कि राजस्थान से आने वाले छात्रों को पानी के तेज बहाव का अंदाजा नहीं हो सका और ये ही वजह हादसे की बड़ी वजह बन गई
-तेज बारिश के बीच करीब छह घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन-
जानकारी के मुताबिक दोनों कारें करीब 20 से 25 मिनट के भीतर बरसाती पानी के रपटे में फंसकर बह गई। दोनों ही कारों में छात्र छात्राएं सवार थे। अलग-अलग वाहनों में सवार युवक-युवतियों के साथ हुई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक रात करीब साढ़े बारह बजे के आस पास घटना हुई। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सुबह छह बजे तक पुलिस ने तेज बारिश के बीच अभियान चलाया। जिसमें तीन युवक युवतियों की जान बचाई जा सकी।
