रेखा बंसल हत्याकांड : बकाया पैसा न मिलने पर कर दी हत्या
हाथ से दबाया था मुंह और नाक, जिससे हो गई थी मौत
15 साल से परिचित व पूर्व कर्मचारी की निकला हत्यारोपी
घटना में लूटा गया कड़ा भी किया गया बरामद
देहरादून—रायपुर थाना क्षेत्र के एमआईजी एमडीडीए कॉलोनी डालनवाला में कारोबारी की पत्नी रेखा बंसल की हत्या के मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। काम की एवज में बकाया पैसा न मिलने पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी बंसल परिवार को 15 सालों से जानता था और डिस्पेंसरी रोड स्थित दुकान में काम कर चुका है। दुकान में काम करने के दौरान मिलने वाले सैलरी का बकाया नाम मिलने पर हत्या की गई। आरोपी बीते कई सालों से सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि वीरवार शाम रायपुर थाना क्षेत्र में रेखा बंसल की हुई हत्या की इस वारदात का खुलासा करते हुए विनीत कुमार निवासी नौगांव तहसील बडकोट उत्तरकाशी हाल पता माता मंदिर कॉलोनी अजबपुर देहरादून को गिरफ्तार किया गया है। घटनाक्रम के मुताबिक वीरवार देर शाम दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने सूचना दी थी कि उनकी पत्नी रेखा बंसाल (उम्र 72 वर्ष) घर में अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। चेहरे पर चोट के निशान भी है। रायपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस को बुलाया गया। महिला को मृत घोषित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू किए। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की कार्यवाही की गई। मृतक रेखा बंसल के पति दिनेश बंसल की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेजों को खंगाला गया। सर्विलांस के माध्यम से भी जानकारियां एकत्रित की गई। तमाम प्रयासों के दौरान विनीत नाम के एक व्यक्ति की जानकारी मिली। जिसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने विनीत को त्रिलोक गेस्ट हाउस रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर घटना में महिला से लूटा गया कड़ा और अभियुक्त का पहना कड़ा बरामद किया। आरोपी ने इसी अपने कड़े से पूजा बंसल पर हमला किया था। गिरफ्तारी कर आरोपी को जेल भेजा गया है।
— पीछे के दरवाजे से दाखिल हुआ था घर में–
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली। विनीत ने बताया कि बीती 10 वर्षों से अजबपुर कलां देहरादून में किराये पर परिवार के साथ रहता है। जोगीवाला रिंग रोड देहरादून त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में बी.जे. सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी के माध्यम से रात सुरक्षा गार्ड के रूप में 02 वर्षो से कार्य कर रहा । रेखा बंसल के पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड देहरादून स्थित अनुज प्रकाशन नाम की बुक शॉप में हेल्पर का कार्य भी करता था। लगभग 15 वर्षों से जानता है । पिछले कुछ समय से दिनेश बंसल के पास उसकी वेतन की धनराशि बकाया थी। कई बार पैसा मांगने के बावजूद भी नहीं दिये जा रहे थे। घटना वाले दिन वह बुकशॉप से दिनेश कुमार बंसल की स्कूटी से उनके आवास पर गया। उसे पहले से ही पता था कि घर के पीछे की ओर का दरवाजा हमेशा खुला रहता है। जिस पर वह स्कूटी गेट के बाहर खड़ी की और अन्दर चला गया। उस समय घर में रेखा बंसल अकेली मौजूद थीं।
-पैसा देने से इंकार करने पर तैश में आकर की हत्या–
विनीत ने बताया कि रेखा बंसल से बकाया पैसे मांगे। रेखा बंसल ने इन्कार कर दिया। इसी बात को लेकर रेखा बंसल से विवाद हो गया। तैश में आकर अपने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। जिससे उनके गाल व नाक पर चोट लग गयी। वहीं बिस्तर पर गिर गई और चिल्लाने लगीं। जिस पर घबरा गया और अपने पकड़े जाने के डर से उसने रेखा बंसल को चुप कराने के लिये अपने हाथ से उनका मुंह दबाया। कुछ समय तक मुंह दबाये रखा। जब उसे विश्वास हो गया कि रेखा बंसल की मृत्यु हो चुकी है, तब उसने उनके बाएं हाथ में पहना हुआ एक सोने का कंगन निकाल लिया और वहां से निकलकर गेस्ट हाउस में पहुंचकर उसने पुलिस से बचने के लिये अपने कपड़े बदल लिये। घटना के खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने पांच हजार और एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने 2500 रुपए के नगद पुरस्कार से पुरुस्कृत किया है।

