
युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, 10-10 हजार का था इनाम

देहरादून, संवाददाता। रायपुर थाना क्षेत्र के वाणी विहार चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के बाहर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से चारों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। चारों को मंगलवार को पुरानी चुंगी, रायपुर रोड से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वाणी विहार निवासी हिमांशी शर्मा ने पांच सितंबर को रायपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि चार सितंबर की रात उनका भाई शशांक शर्मा अपने दोस्त मयंक पाल की स्कूटी के साथ वाणी विहार चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान राहुल पाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शशांक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान शशांक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका महंत इंदिरेश अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से चारों आरोपी लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे थे और चारों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चारों को पुरानी चुंगी, रायपुर रोड से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल पाल (37), निवासी ओल्ड डालनवाला, हाल कृष्णा एनक्लेव, आमवाला, रायपुर।
विनय पाल (30), निवासी ओल्ड डालनवाला।
आशीष पाल (26), निवासी ओल्ड डालनवाला।
समीर (26), निवासी नदी रिस्पना, सीमेंट रोड, डालनवाला।
