
100 हेलमेट वितरित कर दुपहिया वाहन चालकों को किया जागरूक
देहरादून : यातायात पुलिस और ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने 100 हेलमेट वितरित कर दुपहिया वाहन चालकों को जागरूक किया। दिलाराम चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों को 100 हेलमेट निःशुल्क वितरित किये गये ।

इस अवसर पर निरीक्षक यातायात समरवीर सिंह रावत ने दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के सम्बन्ध में जागरूक करते हुए बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना न केवल कानूनी रूप से आवश्यक है, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोटों से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से स्वयं की सुरक्षा एवं अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की । वाहन चालकों को यह भी जागरूक किया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल चालान और दण्ड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए । हेलमेट वितरण एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से दीपक राणा, मार्केटिंग मैनेजर और उनकी पूरी टीम के साथ ही यातायात पुलिस देहरादून की ओर से कार्यक्रम में निरीक्षक यातायात समरवीर सिंह रावत, उपनिरीक्षक यातायात मनीष वर्मा, अपर उपनिरीक्षक यातायात आस मोहम्मद सहित अन्य मौजूद रहे।

