ऑनलाइन इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम बुजुर्ग से 6.70 लाख की धोखाधड़ी
देहरादून : बुजुर्ग से 6.70 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। राजपुर थाने में कीर्ति गौनियाल निवासी जौहड़ी जाखन रोड देहरादून ने शिकायत दी। बताया कि उनके दादा के साथ इंश्योरेंस करवाने के नाम पर 6.70 लाख की धोखाधड़ी की गई है। बीती 16 जनवरी को दादा हरीश चन्द्र गौनियाल के मोबाइल नम्बर पर श्रीराम इंश्योरेंस कम्पनी से इंश्योरेंस करवाने के लिए महिला ने मोबाइल नम्बर से कॉल किया। महिला ने अपना नाम स्वाति मिश्रा बताया था। इंश्योरेंस के बहुत सारे फायदे बताए। थे। दादा झांसे में आ गये और उन्होंने इंश्योरेंस करवा दिया। इंश्योरेंस की किताब को पोस्ट के माध्यम से घर के पते पर भेजा था। इसके बाद ऑनलाइन धनराशि प्रतिमाह लेनी शुरू कर दी। दादाजी के कहने पर कुल 6.70 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में दिए गए। 21 अक्टूबर को आरोपी महिला ने फिर से 90 हजार की मांग की। कहा कि 90 हजार देने पर इंश्योरेंस पूरा हो जायेगा, जिस पर शक हुआ और इसके बाद पिता को पूरी बात बताई। पता चला कि फर्जी इंश्योरेंस के नाम पर छह लाख सत्तर हजार रुपये का ऑनलाइन साइबर फ्रॉड किया गया।



