केदारताल क्षेत्र में 07 ट्रैकर्स सहित आठ लोगों के फंसने का मामला
महिला और पुरुष के दो शव बरामद, छह की तलाश जारी
सोमवार को सर्च अभियान के दौरान मिले थे टेंट और बेग
मौसम खराब होने के कारण जोखिम के बीच चलाया रेस्क्यू अभियान
देहरादून/उत्तरकाशी : उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में 07 ट्रैकर्स और 01 गाइड सहित आठ लोगों के फंसने के मामले में सर्च व रेस्क्यू अभियान जारी है। मंगलवार को तमाम कोशिशों के बीच महिला और पुरुष के दो शव बरामद कर लिए गए। अन्य छह की तलाश जारी रही।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों शवों को एवलांच के नीचे से बरामद किया गया है। बीती 29 अक्टूबर को केदारताल ट्रैक रूट पर गए ट्रैकर्स में से आठ ट्रैकर्स एवलांच आने के कारण लापता हो गए थे। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के दल द्वारा खोजबीन का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे सेटेलाईट फोन के जरिए पता चला कि लापता ट्रैकर्स मे से दो के शव (एक महिला और एक पुरुष) को एवलांच के नीचे से बरामद किया गया है। बताया कि बरामद किए गए शवों को एवलांच व बर्फबारी होने के कारण सड़क मार्ग तक लाना जोखिम भरा है। रेस्क्यू कर्मियों ने घटना स्थळ के पास एक आपातकालीन हेलीपैड का निर्माण किया। बताया कि बाकी लापता ट्रैकर्स की खोजबीन के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बरामद शवों को घटना स्थल से मालती हेलीपैड तक लाने के लिए बुधवार को हैली सेवा का इस्तेमाल किया जाएगा। बता दें कि लापता ट्रैकर्स को खोजने के लिए सोमवार को भी हेली सर्च अभियान चलाया गया था। हेली रेस्क्यू अभियान के दौरान पांच राउंड हेली रेकी की थी। लेकिन लापता ट्रैकर और गाइड का कुछ पता नहीं चला। हालांकि सर्च अभियान के दौरान संबंधित स्थान से टेंट और बेग मिले थे। मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया था। भारी हिमपात के कारण 08 सदस्य लगभग चार हजार मीटर की ऊंचाई पर लापता हुए थे। जिसमें से मंगलवार को दो शव बरामद हुए है। बीती शनिवार को उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में आठ लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी। जिसमे यूपी के दो और पश्चिम बंगाल के पांच ट्रैकर्स सहित एक गाइड शामिल है। जानकारी के मुताबिक बीती 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और पांच सपोर्टिंग स्टाफ सहित 12 लोग केदारताल ट्रैक से रवाना हुए थे। 29 अक्टूबर को लौटना था। खराब मौसम की वजह से रास्ता बंद हो गया था। चार लोग सुरक्षित आ गए लेकिन आठ लोग फंसे हुए थे। अब टीमें लापता छह ट्रैकर्स की तलाश में जुटी है। खराब मौसम लगातार रेस्क्यू और सर्च कार्य को प्रभावित कर रहा है।


