देहरादून, 7 जनवरी (नवोदय टाइम्स) : तमाम कयास के बीच आखिरकार बुधवार को उर्मिला सनावर ने पुलिस को अपने बयान दे दिए। करीब पांच घंटों तक चली इस पूछताछ और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में पूरे घटनाक्रम से जुड़े अहम सवालों को पूछा गया। दून पुलिस के सामने नेहरू कॉलोनी और डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे संबंधित पूछताछ हुई। वहीं, वीरवार को उर्मिला सनावर हरिद्वार एसआईटी के समक्ष पेश होकर बयान दर्ज करवाएंगी।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बुधवार को उर्मिला सनावर से पूछताछ की गई। उर्मिला के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी व थाना डालनवाला में दो अलग अलग मुकदमे दर्ज है। उर्मिला को नोटिस देकर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। बुधवार को ऊर्मिला सनावर बयान देने पहुंची। दोनों मुकदमों के जांच अधिकारियों ने उर्मिला सनोवर के बयान दर्ज किए। उर्मिला सनोवर द्वारा दिए गए बयानों की ऑडियो वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। उर्मिला सनावर ने विवेचकों को सुरेश राठौर व उनके बीच बातचीत की ऑडियो क्लिप दी। जिनका वैज्ञानिक परीक्षण विधि विज्ञान प्रयोगशाला में कराया जाएगा। बताया कि उर्मिला सनावर से सोशल मीडिया पर प्रसारित व प्रचारित कुछ खबरों में अन्य साक्ष्य पुलिस को दिए जाने की बात कही थी, लेकिन इस संबंध में उर्मिला सनावर ने कोई अन्य साक्ष्य विवेचना में नहीं दिए है। अपनी सुरक्षा के संबंध में एसएसपी आवास कार्यालय में एसएसपी देहरादून को प्रार्थना पत्र दिया गया जिस पर एसएसपी देहरादून ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल, मुकदमा दर्ज होने के बाद से लापता चल रही अभिनेत्री उर्मिला सनावर मंगलवार रात देहरादून पहुंची थी। दून पहुंचने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया में जानकारी साझा की थी और बताया था उनके पास कुछ सबूत हो जो पुलिस को उपलब्ध कराए जाएंगे। मंगलवार रात को उर्मिला हिंदूवादी नेता दर्शन भारती के साथ दून पहुंची थी। हालांकि दोनों अलग अलग कारों में थे। उर्मिला सनावर ने मीडिया के सामाने बात दोहराई थी। उर्मिला सनावर ने पुलिस की मुलाकात हुई और बुधवार को नेहरू कॉलोनी व डालनवाला थानों में दर्ज मामलों को लेकर लंबी पूछताछ की गई।
—
पुलिस से पूछताछ करने के बाद उर्मिला एक बार फिर सोशल मीडिया पर आईं और उन्होंने पुलिस के समक्ष दिए बयानों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मैंने सारे तथ्य पुलिस को दे दिए है। उर्मिला ने इस दौरान गुजारिश की है कि अंकिता भंडारी अब हमारे बीच नहीं है इसलिए अंकिता के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। साथ ही कहा है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो। उन्होंने बताया कि वीरवार को वह हरिद्वार एसआईटी के समक्ष बयान दर्ज कराएंगी। बताया कि दून पुलिस ने पांच घंटे पूछताछ की है। कहा कि नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार हूं। साथ ही सुरेश राठौर का भी नार्को टेस्ट किया जाना चाहिए। क्योंकि, जो भी मैंने कहा है वो सुरेश ने ही बताया है।



