देहरादून,उत्तराखंड
उत्तराखंड एसटीएफ व गोवा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में गोवा राज्य के मापुसा थाना क्षेत्र में करोड़ों रूपये की रकम ऐंठने वाले सेक्सटॉर्शन रैकेट गैंग के फरार सरगना को गिरफ्तार किया है। दून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर खुलासे किए गए है। गोवा पुलिस इसकी तलाश में जुटी थी और तीन सालों से फरार चल रहा था। आरोप है कि लड़कियों का इस्तेमाल करके अमीर बिजनेसमैन को टारगेट किया जाता था। रेप्युटेशन खराब करने की धमकी दी जाती थी। बंधक बनाकर मोटी रकम ऐंठी जाती थी। सरगना की गोवा पुलिस को लगातार तलाश थी।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सलमान खान निवासी महबूब कॉलोनी माजरा पटेल नगर देहरादून को गिरफ्तार किया है। गोवा राज्य के नॉर्थ गोवा मापुसा पुलिस स्टेशन में दर्ज मुकदमे में फरार चल रहा था। थाना नेहरू कालोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मुकदमे से संबंधित गैंग का हिस्सा है। आरोप है कि वह अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का ऑफिसर बताकर मापुसा नार्थ गोवा में मुंबई के एक बिजनेसमैन से करोड़ों रुपये की उगाही में शामिल था। घटना के बाद से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पूर्व में भी गोवा पुलिस ने इसके घर पर दबी दी थी । लेकिन घर से गोवा पुलिस को चकमा देकर भाग गया था ।
#पूर्व में गिरफ्तार हो चुके है गैंग सदस्य—
पूछताछ करने पर पता चला था कि अभियुक्त सलमान अपने परिचित इमाद निवासी बेहद सहारनपुर के साथ अगस्त 2023 में कालका दिल्ली निवासी निवेदिता शर्मा से उसके घर पर मिला। जहां पर मो. आयान, मोहम्मद वसीद, फैजान फरजान, यासर, राज चौधरी और हरिद्वार के रहने वाले भुवन अरोड़ा से मुलाकात हुई। इन्होंने मिलकर एक ‘सेक्सटॉर्शन’ रैकेट गैंग बनाया। यह गैंग इस रैकेट के तहत लड़कियों का इस्तेमाल करके अमीर बिजनेसमैन को टारगेट करता था। उन अमीर लोगों से अश्लील काम करवाते थे और अमीर बिजनेसमैन लोगों की रेप्युटेशन खराब करने की धमकी देकर खुद को दिल्ली में नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी होने का दावा करके उनको बंधक बनाकर, धमका व मारपीट कर उनसे मोटे पैसे ऐंठते थे।
#फर्जी दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो के आई कार्ड दिखाकर फंसाया—
गिरोह ने योजना बनाकर निवेदिता शर्मा के माध्यम से शिकायतकर्ता मुंबई निवासी कारोबारी को अपने जाल में फंसा लिया था। नॉर्थ गोवा में विला हाउस फॉरेस्ट कुचेलिया मापुसा को किराये में लेकर उसमे वीडियो कैमरे फिट कर योजना के तहत वादी बिजनेसमैन को मिलने के लिए बुलाकर महिला निवेदिता शर्मा उसके साथ विला में रुकी। रात में गिरोह सदस्यों ने योजना के तहत विला में घुस कर खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम बताते हुए अपने फर्जी दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो के आई कार्ड दिखाकर शिकायतकर्ता की अश्लील विडियो बनाकर उसे बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट करते हुए करोडो रुपए ऐंठने लिए थे।
–गोवा पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार—
इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस के पास शिकायत करने के बाद, दो संदिग्ध निवेदिता शर्मा निवासी कालका दिल्ली और भुवन अरोड़ा निवासी हरिद्वार को गिरफ्तार करते हुए घटना का खुलासा किया गया था। इसी क्रम में इस गैंग के अन्य सदस्यों को भी गोवा पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग का सरगना अभियुक्त सलमान खान घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। गोवा पुलिस ने पूर्व में भी सलमान खान के घर पर दबिश दी थी । पुलिस को चकमा देकर भाग गया था । गोवा पुलिस ने एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क किया। सूचना के आधार पर सलमान खान को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर कार्यवाही के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द किया गया। बताया गया है कि इस प्रकार की अन्य राज्यों में भी कई घटनाओं को अंजाम दिया है। आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी की जा रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि अन्य राज्यों के शातिर अपराधियों की उत्तराखंड में सुरक्षित शरणस्थली न बनने देने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


