
आगामी कांवड़/कुंभ मेले को लेकर आईजी गढ़वाल ने इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ली अहम बैठक
यातायात प्रबंधन और औद्योगिक क्षेत्रों में महिला सुरक्षा और श्रमिक सत्यापन को लेकर आयोजित हुई गोष्ठी
आज दिनांक 29/05/2026 को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप की अध्यक्षता में सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में औद्योगिक इकाइयों के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा आगामी कांवड़/कुंभ मेले के दौरान यातायात व कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
कांवड़ मेले के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में सुगम यातायात और कानून व्यवस्था के लिए विशेष रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि मेले के दौरान सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाये रखने और आम जनमानस व मालवाहक वाहनों के सुगम व निर्वोध आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
औद्योगिक संस्थानों में काम करने वाली महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर विशाखा गाइडलाइन के मुताबिक महिला सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों (जैसे नाइट शिफ्ट में सुरक्षित परिवहन, कार्यस्थल पर सुरक्षा आदि) का कड़ाई से पालन किया जाए।
संबंधित थाना पुलिस द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए समय समय पर जागरूकता शिविर आयोजित कर उन्हें सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 112, 1090) के बारे में जानकारी दे, ताकि वे बिना किसी डर के सुरक्षित माहौल में काम कर सकें।
सुरक्षा के दृष्टिगत सभी औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों के पुलिस सत्यापन को अनिवार्य रूप से और तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवांछित तत्वों पर रोक लगाई जा सके।
उक्त अवसर पर एसपी देहात विकासनगर पंकज गैरोला, एसपी देहात ऋषिकेश जया बलूनी, सीओ विकासनगर अनुज कुमार, प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर, सेलाकुई, सहसपुर व विभिन्न कंपनियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


