छोटे भाई ने ही बड़े भाई की गोली मारकर की थी हत्या, गिरफ्तार
गलत आदतों व फिजूलखर्ची पर टोका तो बड़े भाई को मारी गोली
अक्सर बड़े भाई के टोकने से गुस्सा होकर की गई घटना
रविवार रात अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या का मामला
क्षुब्ध होकर बड़े भाई को रास्ते से हटाने की बनाई थी योजना बनाई
भाई के शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन करते हुए गुमराह करने का भी किया था प्रयास
देहरादून,-
रविवार रात पटेलनगर थाना क्षेत्र के भुड्डी गांव में अधिवक्ता को गोलीमार कर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि छोटे भाई ने ही बड़े भाई की हत्या की थी। गलत आदतों व फिजूलखर्ची पर अक्सर बड़े भाई के टोकने से गुस्सा होकर घटना की गई। कुछ दिन पूर्व पिता के खाते से चोरी छिपे लाखों रुपये निकालने पर बड़े भाई ने मारपीट की थी। इसी घटना से क्षुब्ध होकर बड़े भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। भाई के शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन करते हुए पुलिस का ध्यान भटकाने का प्रयास भी किया गया था।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि अधिवक्ता सोहेल हारून पुत्र अब्दुल हारून निवासी ग्राम भुड्डी की हत्या के आरोपी व मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून को गिरफ्तार किया है। बताया कि बीती रविवार की रात भुड्डी गांव में एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी। युवक के गोली मारकर हत्या की गई थी। परिजनों व आसपास के लोगों ने सोहेल हारून को हॉस्पिटल पहुंचाया था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। मामले की पड़ताल की गई तो पता चला कि आरोपी शाहिद अपने बड़े सुहैल और माता पिता के साथ घर में रहता था। 20-25 दिन पूर्व शहीद के पिता पिता हज पर गये थे। सुहैल हारून अपने छोटे भाई शाहिद के साथ घर पर अकेला था। हत्या की सूचना देने वाले युवक सुहान से जानकारी करने पर बताया कि कि उसके ताऊ का लड़का वसीम जो ड्राइवर का काम करता है। उसने फोन कर जानकारी दी कि सोहेल के घर के पास गाड़ी को बैक करते समय उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। सुहान तत्काल सोहेल के घर गया, जहां उसके छोटे भाई ने उसे बताया कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उसके भाई सोहेल को गोली मार कर भाग गया। इसके बाद सोहेल को लेकर अस्पताल गये थे। मौके पर फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी वीडियोग्राफी करते हुए साक्ष्य जुटाए गए। घटना के सम्बन्ध में सुहैल हारून के चाचा सय्याद हसन ने तहरीर दी। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए टीमें गठित की गई।
—सीसीटीवी से हटाई थी रिकार्डिंग, पिस्टल भी बरामद–
बताया कि घर व उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किये गए। पता चला कि सोहेल के घर के कैमरे चालू थे। उसमे से रिकार्डिग को हटाया गया है। आसपास के कैमरों की फुटेजों में घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति का घर के अंदर आने की जानकारी मिली। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गयी एक देशी पिस्टल बरामद की गई। जिसके सम्बन्ध में मृतक सुहैल हारून के छोटे भाई से जानकारी की गई। पूछताछ में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा था। साक्ष्यों और घटना के सम्बन्ध में लगातार दी जा रही अस्पष्ट जानकारियों पर संदिग्धता प्रतीत हुई। शाहिद को हिरासत में लेते हुए थाने लाया गया। जहां उससे सख्ती से पूछताछ करने पर घर से बरामद देशी पिस्टल से अपने भाई सोहेल को गोली मारकर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस से बचने के लिये भाई को गोली मारने की झूठी कहानी रची थी। हत्या के आरोप में शाहिद को गिरफ्तार किया गया।
–गुमराह करने की कोशिश, उकसाया गया—
घटना की पड़ताल के दौरान पता चला कि आरोपी शाहिद ने पुलिस को गुमराह करने का हर संभव प्रयास किया। वहीं, परिजनों व आसपास के लोगों को भी घटना के सम्बन्ध में झूठी जानकारी देकर उकसाया। भाई सोहेल के शव को देहरादून पौंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर सड़क को जाम किया। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस मामले में भी अभियुक्त शाहिद व अन्य नामजद व अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
—नशे का है आदी,
मामले के खुलासे के जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शाहिद नशे का आदी है। अक्सर अपने महंगे शौक को पूरा करने और दोस्तों के बीच रौब झाड़ने के लिए वह अपने घर वालों और बड़े भाई सोहेल से पैसे लिया करता था। उसकी गलत आदतों की वजह से उसका बड़ा भाई सोहेल उसे अक्सर टोकटा रहता था । कई बार उस पर हाथ भी उठाया था। कुछ दिन पूर्व उनके माता पिता के हज पर जाने के बाद सोहेल को जानकारी हुई कि उसके पिता का एटीएम सोहेल के पास रहता था। एटीएम को चोरी कर अपने पास रख लिया था। एटीएम से लगभग 10 लाख रुपये अपने पिता के खाते से निकालते हुए उसे अपनी अय्याशी में खर्च कर दिये थे। इस बात को लेकर सोहेल का शाहीद से विवाद हो गया था। सोहेल ने उसके ऊपर हाथ उठाते हुए उसके साथ मारपीट कर दी थी।
–दो दिन पहले ही बना ली थी प्लानिंग–
बताया गया है कि मारपीट से क्षुब्ध होकर शाहिद ने अपने बड़े भाई सोहेल की हत्या की योजना बनाई। घटना को अंजाम देने के लिये पिछले 02 दिनों से घर के सारे कैमरों की रिकॉर्डिंग को बंद कर कैमरों को लाइव मोड पर रख दिया। योजना के मुताबिक रविवार रात अपने पास रखी देशी पिस्टल से अपने भाई को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद देशी पिस्टल को घर के बाथरूम में छिपाकर रख दिया। घटना के बाद शाहिद ने गांव के अन्य लोगों को उकसाते हुए उनके साथ मिलकर अपने भाई के शव को देहरादून पौंटा हाईवे में रखकर सड़क को जाम करते हुए पुलिस का ध्यान भटकाने और स्वयं को पीड़ित दर्शाने का प्रयास किया गया, जिससे कोई उस पर आसानी से शक न कर सके।
—जाम लगाने वाले नामजद सहित 150 पर मुकदमा दर्ज—
बताया कि हाईवे जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि सोहेल के शव को देहरादून से पोंटा साहिब जाने वाले रोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुड्डी चौक पर रख कर सड़क जाम कर दी। दोनों तरफ से आने जाने वाले वाहनों को बंद कर दिया। समझने का प्रयास किया गया लेकिन जाम नहीं खोला गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे आम जनमानस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा लगभग 1 घंटे बाद जाम खोला गया था। इस मामले में अरशद, वसीम, नौशाद, सैय्याद, समीर, अनवर अली, अजब, सरफराज, फुरकान, आरिफ, मोईन, अरशद, व अन्य 100 -150 व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


