एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में सीबीआई ने 25 करोड़ की 23 संपत्तियां की कुर्क
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मुंबई स्थित अचल संपत्तियां शामिल हैं।
देहरादून, 25 जून/ बहुचर्चित एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की 23 संपत्तियों को कुर्क (अटैच) कर लिया है। इन संपत्तियों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मुंबई स्थित अचल संपत्तियां शामिल हैं।
सीबीआई की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) से जुड़े इस मामले की जांच के दौरान ऐसी कई संपत्तियों की पहचान की गई, जिन्हें आरोपियों ने कथित रूप से निवेशकों की धनराशि से खरीदा था। जांच के आधार पर उत्तराखंड में 6 संपत्तियों को बड्स अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी के आदेश से कुर्क किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश में चिन्हित 16 संपत्तियों को नामित बड्स न्यायालय की अनुमति के बाद अटैच किया गया। इसके अलावा मुंबई स्थित एक संपत्ति को भी महाराष्ट्र की नामित बड्स अदालत की स्वीकृति के बाद कुर्क किया गया है। सीबीआई के अनुसार, अब तक कुल 25 करोड़ रुपये मूल्य की 23 संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं, जबकि अन्य संपत्तियों की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। गौरतलब है कि सीबीआई ने वर्ष 2025 में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर उत्तराखंड पुलिस द्वारा दर्ज की एफआईआर के बाद जांच शुरू की थी। सीबीआई अब तक इस मामले में सात मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। बताया कि मामले की जांच अभी भी जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।



