स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में देहरादून नगर निगम की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार
देहरादून, :
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में देहरादून नगर निगम ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 62वीं रैंक प्राप्त की है। यह पिछले वर्ष (2023) की तुलना में 6 अंकों का सुधार है, जब नगर निगम को 68वीं रैंक प्राप्त हुई थी।एवं इस साल नगर निगम रुद्रपुर को 68वी रैंक मिली
पिछले वर्ष देहरादून नगर निगम को कुल 6579 अंक प्राप्त हुए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 7614 अंक हो गया है। यह 1000 अंकों से अधिक की वृद्धि दर्शाता है, जो स्वच्छता, जनभागीदारी, नवाचार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, और नगर निगम की निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
नगर निगम देहरादून की यह उपलब्धि शहरवासियों, सफाई कर्मचारियों, स्वच्छता स्वयंसेवकों, और निगम प्रशासन के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। निगम द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण, जनजागरूकता अभियानों, साफ-सफाई व्यवस्था में तकनीकी नवाचार, और सतत निगरानी जैसे कदमों से इस सफलता को हासिल किया गया है।
नगर निगम आयुक्त नमामि बंसल ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि देहरादून को एक स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक उपलब्धि है।
नगर निगम आने वाले समय में और बेहतर प्रयासों के साथ स्वच्छता के क्षेत्र में देश के शीर्ष शहरों में स्थान बनाने के लिए कटिबद्ध है।