भारत आने के बाद भूमि शर्मा के नाम से बनवा लिए थे फर्जी दस्तावेज
कोविड के दौरान अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर आई थी भारत
पटेलनगर क्षेत्र में दो और बांग्लादेशी महिलाओं को पकड़ा
नियमानुसार एक के खिलाफ मुकदमा, दूसरी को किया जा रहा डिपोर्ट
देहरादून : पटेलनगर नगर क्षेत्र में दो और बांग्लादेशी महिलाएं पकड़ी गई। जिसमें से एक बबली खातून ने भूमि शर्मा बनकर हिंदू युवक से विवाह किया था। भारत आने के बाद भूमि शर्मा के नाम से फर्जी दस्तावेज बनवा लिए थे। इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी बांग्लादेशी महिला बॉबी खातून को वापस बांग्लादेश नियमानुसार डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। बॉबी खातून वर्ष 2023 में चोरी छिपे बांग्लादेश से भारत आई थी। देहरादून में अवैध रूप से रहते हुए मजदूरी कर कर रही थी।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पटेलनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो बांग्लादेशी महिलाओं के अवैध रूप से रहने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए देहराखास पटेलनगर क्षेत्र से एक महिला भूमि शर्मा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में असली नाम बबली खातून पत्नी मो. मुनजु बताया। जिसके कब्जे से पुलिस को भूमि शर्मा के नाम के आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड , वोटर आईडी व अन्य फर्जी भारतीय दस्तावेज व बबली बेगम के नाम से एक बांग्लादेशी आईडी मिली। फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद अन्य जानकारियां जुटाई गई।
इसके बाद कारगी रोड कालिंदा विहार फेज 2 से एक अन्य संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया। जिससे पूछताछ में अपना नाम बॉबी खातून पुत्री मो. ब्लूमिया पत्नी मो. रूबेल निवासी हाजी गरीपालशा बोगुरा सदर जिला बोगुरा बांग्लादेश बताया। जिसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र की फोटो कॉपी मिली। महिला को हिरासत में लेकर बांग्लादेश डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।
–पूछताछ में हुआ खुलासा–
पूछताछ में बांग्लादेशी बबली खातून उर्फ भूमि शर्मा ने बताया गया कि कोविड के दौरान वह अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर भारत आई थी। अलग-अलग स्थानों पर रहने के बाद वह वर्ष 2021 में देहरादून आ गई। वर्ष 2022 में उसने देहरादून के रहने वाले व्यक्ति से नाम पता बदलकर विवाह कर लिया। देहरादून में ही अलग-अलग स्थानों पर किराए के मकान में रहने लगे। परिचितों के माध्यम से भूमि शर्मा के नाम से फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए। पुलिस के मुताबिक फर्जी दस्तावेज बनाने में सहायता करने वालों की जानकारी की जा रही है। हिरासत में ली गयी अन्य बांग्लादेशी नागरिक बॉबी खातून ने पूछताछ में बताया गया कि वह वर्ष 2023 में चोरी छिपे बांग्लादेश से आई थी। उसके बाद से ही देहरादून में अवैध रूप से रहते हुए मजदूरी कर कर रही है।
-ये है नियम—
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अगर कोई अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस करके भारत आया और फर्जी दस्तावेज तैयार कर फर्जीवाड़ा किया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाता है। जबकि अन्य मामलों में अगर कोई अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस करके भारत आकर रह रहा है और उसकी किसी आपराधिक गतिविधि नहीं मिलती तो उसको नियमानुसार वापस बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाता है। बीते कुछ समय में ऑपरेशन कालनेमि के देहरादून पुलिस अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पूर्व में कार्यवाही कर चुकी है। फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से रह रहे 08 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि, 09 बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया जा चुका है।
—



