दिनदहाड़े छात्र गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने से एक घायल

पटेलनगर लालपुल से शिमला बाईपास तक मचा हड़कंप, पांच-छह राउंड फायरिंग का दावा; एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
देहरादून। पटेलनगर के लालपुल के पास गुरुवार दोपहर छात्र गुटों के बीच विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि पहले कार सवार युवकों ने बाइक सवार युवकों पर फायरिंग की। इसके बाद बाइक सवारों ने करीब तीन किलोमीटर तक कार का पीछा किया। शिमला बाईपास स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास कार सवारों ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल नाम के युवक को सीने में गोली लग गई। घायल को उसके साथियों ने महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और शहर के विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। घायल साहिल के साथी अंशुल पुत्र शिवकुमार निवासी शिकारपुर, मंगलौर की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनका गुरमीत नाम के युवक से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते गुरमीत ने अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की।
नया गांव बैरियर पर एक आरोपी दबोचा
सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों और सीमावर्ती चेकपोस्टों को संदिग्ध कार की जानकारी देकर अलर्ट किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी रोहित को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार के साथ नया गांव बैरियर से गिरफ्तार कर लिया। रोहित ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर का निवासी है और वर्तमान में देहरादून में होटल मैनेजमेंट का छात्र बताया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस पूछताछ में रोहित ने बताया कि गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर पहली बार फायरिंग की गई। लोगों के एकत्र होने पर कार सवार युवक वहां से फरार हो गए। इसके बाद आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। शिमला बाईपास पर सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल घायल हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना स्थल के आसपास कई कार्यालय और अस्पताल होने के कारण दोपहर के समय यहां काफी भीड़ रहती है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें घटना से जुड़े घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और गोली के खोखे बरामद किए। शुरुआती जांच में करीब पांच से छह राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में कितने हथियारों का इस्तेमाल हुआ।
छात्रों के बीच चल रहे विवाद और रंजिश के कारण हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ऐसे इलाके में, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, सरेआम फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई।
┌──────────────────────────────┐
बॉक्स : पहले दोस्त, फिर बन गए दुश्मन
मौके पर मौजूद कुछ छात्रों के मुताबिक गुरमीत और साहिल पहले आपस में दोस्त थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। धीरे-धीरे यह विवाद रंजिश में बदल गया। गुरुवार को इसी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस अब विवाद की मूल वजह और फायरिंग में शामिल सभी युवकों की भूमिका की जांच कर रही है।
।।फिर याद आई जोहड़ी गांव की घटना।
दिनदहाड़े छात्र गुटों की फायरिंग की इस घटना ने मार्च में राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई घटना की याद भी ताजा कर दी। उस मामले में भी विवाद के बाद दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई थी और गोली लगने से मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत हो गई थी। ऐसे में पटेलनगर की घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूम रहे युवाओं और पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

