देहरादून जनपद के फायर सर्विस विभाग की मुस्तैदी: पिछले 24 घंटों में 9 आपातकालीन घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई।
देहरादून, 28 मई 2026
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच देहरादून फायर एंड इमरजेंसी सर्विस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पिछले 24 घंटों के भीतर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से फायर सर्विस को आग लगने की लगभग 9 अलग-अलग सूचनाएं प्राप्त हुईं।
सभी मामलों में ‘रिस्पॉन्स टाइम’ को न्यूनतम रखते हुए देहरादून फायर सर्विस ने त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की। दमकल कर्मियों ने विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी घटनाओं का सफल निस्तारण किया।
प्राप्त आग की सूचनाओं में 05 देहरादून फायर स्टेशन, 1 सेलाकुई फायर स्टेशन और 2 फायर यूनिट त्यूणी को प्राप्त हुई। इसके अलावा देहरादून फायर स्टेशन को 1 रेस्क्यू की सूचना भी प्राप्त हुई।
देहरादून फायर स्टेशन को प्राप्त आग की सूचनाओं में 2 दुकानों, 2 जंगल और 1 ट्रांसफार्मर में,जबकि सेलाकुई फायर स्टेशन को पराली में और फायर यूनिट त्यूणी को जंगलों में आग की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्रों के अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहनों और प्रशिक्षित जवानों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
फायर ब्रिगेड की टीमों ने अत्यंत कुशलता और बहादुरी का परिचय देते हुए सभी 8 स्थानों पर लगी आग का सफल निस्तारण किया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ के कारण किसी भी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और संपत्ति के बड़े नुकसान को भी समय रहते रोक लिया गया।
देहरादून के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) श्री अभिनव त्यागी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा:
“फायर सीजन आग की घटनाओं के हिसाब से बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन हमारे जवानों ने अदम्य साहस और मुस्तैदी का परिचय दिया है। गर्मी के इस मौसम में आग की घटनाएं तेजी से बढ़ती हैं, जिसके लिए देहरादून फायर सर्विस ने अपनी रणनीति तैयार की है। जिले के सभी फायर स्टेशनों को हाई-अलर्ट पर रखा गया है और ‘रिस्पॉन्स टाइम’ को कम से कम करने के निर्देश दिए गए हैं।”


