1109 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामला
सीबीआई का उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तमिलनाडु में सर्च ऑपरेशन
ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में सीबीआई ने चलाया तलाशी अभियान
ओडिशा के खिलाफ दर्ज बैंक फ्रॉड मामले में की गई कार्रवाई
देहरादून, संवाददाता–
सीबीआई ने 1109 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले में उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु में सर्च ऑपरेशन चलाया। शनिवार को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने चार राज्यों के छह अलग अलग जगहों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई मैसर्स गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड भुवनेश्वर ओडिशा के खिलाफ दर्ज बैंक फ्रॉड मामले के सिलसिले में की गई। तलाशी के दौरान दस्तावेज जब्त किए गए है।
जानकारी के मुताबिक मामला केनरा बैंक के साथ 1109 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोपी कंपनी ने बैंक से कई तरह की फंड-बेस्ड और नॉन-फंड-बेस्ड फाइनेंशियल सुविधाएं ली थीं। आरोप है कि आरोपियों ने स्टॉक की वैल्यू में हेरफेर की, ट्रेड रिसीवेबल्स को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया, ज़्यादा क्रेडिट सुविधाएं पाने के लिए कंपनी के फाइनेंशियल स्टेटमेंट में गड़बड़ी की, लोन के पैसे का गलत इस्तेमाल किया। बताया कि ये तलाशी अभियान भुवनेश्वर ओडिशा में सीबीआई के स्पेशल जज की अदालत से जारी सर्च वारंट के आधार पर चलाया गया।
-इन जगहों पर चला अभियान–
बताया गया है कि तलाशी में मैसर्स गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के चार आरोपी डायरेक्टरों के भुवनेश्वर ओडिशा स्थित घर, कोलकाता पश्चिम बंगाल में कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस और कंपनी की तीन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स शामिल थीं। ये यूनिट्स उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के काशीपुर में, तमिलनाडु के तिरुवल्लूर और ओडिशा के भुवनेश्वर में की गई। तलाशी के दौरान कई दस्तावेज जब्त किए गए। बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है

