सीबीआई ने बैंक मैनेजर समेत तीन को रिश्वतखोरी में दबोचा
1.8 करोड़ के लोन मंजूर कराने के नाम पर मांगी थी नौ लाख रिश्वत
सीबीआई ने डीएसए को 50 हजार रुपये लेते रंगेहाथ किया गिरफ्तार
शिकायतकर्ता से पहले ही वसूले जा चुके थे 2.5 लाख
छह लाख के दो बिना तारीख वाले चेक भी लिए गए थे।
देहरादून : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन ब्रांच देहरादून की टीम ने बैंक के शाखा प्रबंधक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक करोड़ अस्सी लाख का लोन स्वीकृत कराने की एवज में नौ लाख की रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई ने पहले एक डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया और इसके बाद संलिप्तता के आरोप में बैंक मैनेजर समेत तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
जानकारी के मुताबिक क्लेमेंट टाउन के रहने वाले व्यक्ति (शिकायतकर्ता) से बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में लोन मंजूर कराने और उसकी रकम जारी करने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई ने बैंक मैनेजर प्रेम रंजन समेत तीन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 50 हजार से पहले शिकायतकर्ता से 2.5 लाख रुपये नकद भी ले चुके थे। इसके अलावा शेष रकम के भुगतान के लिए छह लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी लिए गए थे। सीबीआई से मिली जानकारी के मुताबिक बीती 18 नवंबर को इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने सीबीआई को बताया कि उसने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में अपनी संपत्ति के बदले 1.80 करोड़ रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। ऋण को मंजूरी दिलाने और उसका भुगतान कराने के लिए बैंक शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और डीएसए के रूप में काम करने वाले नरेंद्र, नीरज और अशरफ ने कथित तौर पर ऋण राशि का पांच प्रतिशत कमीशन मांगा। पांच प्रतिशत के हिसाब से मांगी गई रकम नौ लाख रुपये बनी। खबर लिखे जाने तक सीबीआई चौथे आरोपी अशरफ को भी दबोच चुकी थी। जिससे पूछताछ जारी थी।
पहले 2.5 लाख रुपये नकद लिए
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऋण प्रक्रिया आगे बढ़ाने और रकम जारी कराने के नाम पर आरोपियों ने उससे पहले ही 2.5 लाख रुपये नकद ले लिए थे। इसके बाद बाकी 6.5 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जाने लगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 3.8 लाख और 2.2 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक लिए गए। इस तरह कुल छह लाख रुपये के चेक दिए गए, जबकि शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई।
जाल बिछाकर डीएसए को पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले में ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। 18 नवंबर की देर शाम सीबीआई की टीम ने कार्रवाई करते हुए डीएसए नरेंद्र आर्य को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के प्रबंधक प्रेम रंजन और एक अन्य डीएसए नीरज राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
।।।
आवासों पर तलाशी, नकदी और दस्तावेज बरामद
कार्रवाई के बाद सीबीआई ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के आवासों पर तलाशी ली। इस दौरान जांच एजेंसी को दस्तावेज और नकदी मिली है, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। सीबीआई अब इस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका, कथित रिश्वत की रकम के लेनदेन और लोन प्रक्रिया में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को वीरवार को न्यायालय पेश किया गया। वहीं, सीबीआई आगे की कार्रवाई में जुटी है।


