पति की डिस्पेंसरी रोड पर है बुकशॉप, महिला घर में थी अकेली
लूट के बाद हत्या, पुलिस जांच पड़ताल जारी
देहरादून, 70 साल की बुजुर्ग महिला की घर में घूस कर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज हत्या की इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। घटना एमआईजी एमडीडीए कॉलोनी डालनवाला में वीरवार शाम हुई? माना जा रहा है कि तकिए या फिर किसी और चीज की सहायता से महिला का मुंह और गला दबाकर हत्या की गई है। महिला के हाथ से सोने का कड़ा गायब है। जिससे लूट और हत्या के एंगल पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की।
जानकारी के मुताबिक 70 वर्षीय पूजा बंसल के पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर बुक शाप है। सुबह के समय हर रोज की तरह वह दुकान पर गए। शाम करीब चार बजे उन्होंने पत्नी पूजा को फोन किया। कई काल करने के बाद भी किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद दिनेश ने पड़ोसी से कहा। जिसके बाद पड़ोसी उनके घर गए तो देखा की दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा कि पूजा बंसल बदहवास पड़ी हुई थी। इस बात की जानकारी पति दिनेश को दी गई। दिनेश आनन फानन में घर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और एफएसएल की टीम को बुलाया गया। वहीं, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी ऋषिकेष जया बलोनी भी मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की पड़ताल और सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी थी।
—हाथ से कड़ा गायब, चेहरे पर कई निशान
पति दिनेश ने पुलिस को बताया कि पूजा के हाथ में सोने का कड़ा पहना हुआ था। जो अब नहीं है। हालांकि, गले में सोने की चेन और कुंडल थे। वहीं चेहरे हाथ और अन्य जगह पर कई खरोंच के निशान मिले। इससे ये बात स्पष्ट हुई कि कोई लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ और लूट के बाद हत्या का वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। मौके पर एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए। शुरूआती जांच में मुंह और गला दबाकर कर हत्या की बात सामने आ रही है।
–पड़ोसियों को नहीं आई कोई आवाज—
बताया गया है कि बंसल परिवार का आस पड़ोस में अच्छा आना जाना था। पारिवारिक संबंध की तरह पड़ोस से मेलजोल था। लेकिन इस घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि उनको किसी तरह की चिखने चिल्लाने की आवाज नहीं आई। वारदात करने वाला इतना शातिर था कि उसने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक दिनेश बंसल की एक बेटी और दो बेटे है। एक बेटा बाहर रहता है और दूसरा बेटा और बेटी घर से कुछ ही दूर पर रहते है। परिवार में आना जाना लगा रहता था। वारदात से माना जा रहा है कि हत्यारा इस बात को जानता था कि घर में महिला किस समय अकेली रहती है। इसी मौके का फायदा उठाकर उसने घटना को अंजाम दिया होगा।

