मोहब्बेवाला में कार पर पलटा कंटेनर, चार की मौत, बच्चा सुरक्षित
सहारनपुर से लौटते समय परिवार के तीन सदस्य व कार चालक की मौत
इनकम टैक्स विभाग में कंसल्टेंट अधिवक्ता थे मिश्रेष कपूर, मां, पत्नी और कार चालक की भी मौत

लापरवाही परिलक्षित होने पर एनएच और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर मुकदमा
देहरादून, संवाददाता : दिल्ली –देहरादून एक्सप्रेस-वे मोहब्बेवाला में हादसों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार दोपहर एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। आशारोड़ी चेक पोस्ट की ओर से देहरादून शहर की तरफ आ रहा खाद से भरा कंटेनर अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही कार के ऊपर पलट गया। हादसा उस समय हुआ जब सहारनपुर गोकुल धाम के रहने वाला परिवार देहरादून चमन विहार में रिश्तेदार से मिलने के लिए आ रहा था। इस हादसे में कार सवार परिवार के तीन सदस्यों और कार चालक सहित चार की मौत हो गई। जबकि, बच्चे की जान बच गई। पुलिस ने इस मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही परिलक्षित होने पर एनएचए और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक जिसकी मौत हुई है उसमें सहारनपुर इनकम टैक्स विभाग के कंसल्टेंट एडवोकेट मिश्रेष कपूर, उनकी मां, उनकी पति और कार चालक शामिल है। इतने बड़े हादसे के बीच बच्चा सुरक्षित रहा और उसे आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार से निकाला जा सका। ये हादसा इस साल हुए हादसों में सबसे बड़ा हादसा साबित हुआ है। घटना क्रम के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पटेल नगर थाना क्षेत्र के मोहब्बेवाला में हादसा हुआ। आशारोड़ी की और से आ रहा कंटेनर मोहब्बेवाला चौक के पास पहुंच कर पलट गया। बताया गया है कि पहले डिवाइडर से टकराया और पलट गया। इस दौरान आई-20 कार और कंटेनर के नीचे दब गई। कार में सवार परिवार कार के अंदर दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और फायर स्टेशन से पुलिसकर्मी आपदा उपकरणों के तत्काल मौके पर पहुंचे। कार सवार व्यक्तियों को कार से बाहर निकाला गया। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों और कार चालक की मौत हो गई। गनीमत ये रही कि कार में सवार 06 वर्ष का बच्चा सकुशल रहा। हादसा उस समय हुआ जब परिवार सहारनपुर से देहरादून अपने घर लौट रहा था। हादसे की वजह ब्रेक फेल होना और अनियंत्रित होना बताया गया है। हालांकि कारणों की जांच की जा रही है।

–आधे घंटे तक कार में दबा रहा बच्चा, कटर से कार काट कर निकाले शव
इस हादसे की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि कंटेनर सामान से भरा हुआ था। कार के ऊपर पलटते ही कार पूरी तरह से दब गई। कार सवार पूरा परिवार कार में फंसा था। घटना के बाद आस पास अफरा तफरी का माहौल बना। पुलिस और फायर कर्मियों ने क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने का प्रयास किया वहीं, कार को कटर से काट कर शवों को निकाला गया। बहुत बड़ी बात उस समय देखी गई जब इस पूरे हादसे के बीच छह साल का बच्चा सुरक्षित बच गया। लोगों में इस हादसे को लेकर जहां गम और हादसों को लेकर आक्रोश था वहीं, बच्चे को सुरक्षित देख कर खुशी भी लोगों में देखी गई। लोगों में आक्रोश इस बात को लेकर है कि इसी क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इन हादसों को रोकने में नाकाम साबित हो रहे है।
–इनकी हुई मौत–
इस हादसे में सहारनपुर गोकुल धाम के रहने वाले और इनकम टैक्स विभाग में कंसल्टेंट एडवोकेट मिश्रेष कपूर (उम्र – 38 वर्ष), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (उम्र – 38 वर्ष) मां किरण कपूर (उम्र – 63 वर्ष) और कार चालक नीरज की मौत हो गई। छह साल का बेटा माहेर कपूर सुरक्षित है। हल्की चोट के चलते हॉस्पिटल पहुंचाया गया।


