लापता युवक का शव मसूरी-किमाडी खाई में मिला, हत्या का आरोप
क्षत विक्षत हालत में मिला शव, कीड़ों और जानवरों ने खाया हुआ है शव
एक सप्ताह से था लापता, नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज थी गुमशुदगी
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप
एक युवती और उसके दोस्त पर संदेह जताते हुए हत्या का लगाया आरोप
देहरादून—उत्तराखंड

करीब एक हफ्ते से लापता युवक का शव मसूरी कीमाड़ी रोड स्थित खाई में मिला। शव क्षत विक्षत हालत में मिले शव को कीड़ों और जानवरों ने खाया हुआ था। बुधवार को पुलिस को शव उस समय मिला जब सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस टीम मसूरी-किमाड़ी रोड तक पहुंची और युवक की बाइक सड़क किनारी खड़ी मिली। इसके बाद खाई में सर्च ऑपरेशन चलाने पर शव मिला। जिसमें से बेहद बदबू आ रही थी । वहीं, परिजनों ने पूरे घटना क्रम में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और एक युवक व उसके दोस्त पर शक जाहिर करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि बीती 9 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। राजेश पाल दुर्गापुरम नई बस्ती मोथरोवाला की शिकायत पर नेहरू कालोनी थाने में उनके बेटे सुमित पाल की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि बीती आठ जुलाई को उनका बेटा सुमित बिना बताये घर से गया और वापस नहीं लौटा। तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। घर और उसके आस-पास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगाया गया। सीसीटीवी फुटेजों की जांच के दौरान सुमित पाल का फुटेज मिला। मसूरी से किमाडी की तरफ स्थित एक रेस्टोरेंट मैकेन्जी हाउस एण्ड कैफे की सीसीटीवी फुटेज में आठ जुलाई को काले रंग की पल्सर मोटर साइकिल से किमाडी की तरफ जाते हुए दिखाई दिया। रेस्टोरेंट से कुछ आगे मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे पुलिस टीम को सुमित पाल की पल्सर मोटर साईकिल खड़ी मिली। मौके पर पुलिस टीम ने एसडीआरएफ टीम को बुलाते हुए सड़क किनारे गहरी खाई में सर्च अभियान चलाया। बैंड के नीचे गहरी खाई मे एक शव मिला, जिसमें काफी बदबू आ रही थी। शव में कीड़े पडे हुए थे। जानवरों ने शव खाया हुआ था। मौके पर गुमशुदा युवक के परिजनों ने शव की पहचान सुमित पाल के रूप में की। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने शव की वीडीयोग्राफी और फोटोग्राफी की। शव का पंचायतनामा भरकर शव को एम्बुलेन्स की सहायता से मसूरी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया। बताया कि सुमित पाल की मौत के मामले में जांच जारी है। पुलिस फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। दुर्घटना, हत्या और आत्महत्या सहित तमाम पहलूओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जिसके आधार पर आगे की जांच पड़ताल की जा सकेगी।
इनसेट–
— परिजनों का हंगामा, हत्या का आरोप, कार्रवाई की मांग
शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही एक युवती और उसके साथी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। नेहरू कालोनी थाने में एकत्र हुए परिवार सदस्यों और सुमित की बहन का कहना है कि वह लगातार पुलिस के चक्कर लगा रहे थे। लेकिन पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दे रही थी।आरोप है कि लगातार लापरवाही बरती गई। आपबीती और पुलिस की लापरवाही के साथ ही सुमित के बारे में रोते हुए बताया कि उसकी एक युवती के साथ दोस्ती थी। बीती 11 जून को उसका बर्थडे भी मनाया था। आरोप लगाया है कि युवती और उसके साथी ने मिल कर उसकी हत्या की है।
— इनसेट–
दुर्घटना, हत्या और आत्महत्या में उलझी कहानी—
मृतक सुमित की बहन का कहना है कि पुलिस से लगातार संपर्क किया गया। सड़क किनारे इतने दिन बाइक खड़ी रही पुलिस को क्यों इसकी जानकारी नहीं मिली। हत्या का आरोप और सवाल उठाते हुए कहा कि अगर जब पुलिस के पास गुमशुदगी की शिकायत लेकर गए तो पुलिस ने कह दिया कि किसी लड़की के साथ गया होगा। सही से जांच पड़ताल ना करने का आरोप पुलिस पर लगाया। आरोप लगाया है कि लड़की के पास सफेद रंग की स्कूटी थी, सुमित को जबरन साथ लेकर गए। कहा कि अगर दुर्घटना होती तो बाइक भी साथ गिरती। सुमित के पैर और धड़ अलग ना होता। कहा कि इंसाफ चाहिए और लड़की के ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। इस तरह से एक युवती और एक युवक पर शक जाहिर किया है।
इनसेट–
–मोबाइल की निकाली गई सीडीआर—
सुमित की बहन और परिजनों ने जिस तरह से हत्या का आरोप लगा। उसके बाद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी सीसीटीवी कैमरों में सुमित अकेला बाइक से जाता हुआ आठ जुलाई को दिख रहा है। बताया कि जिस समय वह आराघर चौक के पास था, उसके बाद मोबाइल बंद हो गया था। मसूरी किमाड़ी रोड स्थित होटल की फुटेज से आगे की लोकेशन मिली थी। जिस युवक और युवती पर आरोप लगाए जा रहे है उनकी सीडीआर निकाल कर जांच में शामिल की गई है। शव के पास से मिले फोन में डायल किए गए नंबर पर संपर्क किया गया है। एक नंबर कई बार डायल किया गया और इसके बाद फोन बंद हो गया था। वहीं, पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। हालांकि सीसीटीवी कैमरे में सुमित अकेला ही जाता हुआ नजर आ रहा है। सुमित पाल मसूरी-किमाड़ी रोड किन परिस्थितियों में क्या गया? उसकी मौत कैसे हुई? क्या किसी और का हाथ इस घटनाक्रम में है? अगर आत्महत्या की तो उसने ऐसा कदम क्यों उठाया? हादसा हुआ तो कैसे हुआ? हत्या के आरोप के पीछे क्या क्या कारण हो सकते है? जैसे सवालों के जवाब बाकी है। बताया कि सुमित जहां काम करता था। वहीं युवती से संपर्क हुआ था। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
