भाजपा नेता विनोद कश्यप हत्या कांड के मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार
दबिश देते हुए तीनों आरोपियों को हरियाणा से किया गिरफ्तार
12 पर हुआ था मुकदमा, अब तक नौ हो चुके है गिरफ्तार
देहरादून— सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला में भाजपा नेता विनोद कश्यप हत्याकांड के मामले में मुख्य आरोपी सहित 03 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए तीनों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 09 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
दरअसल, बीती 13 जून को की शाम सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागी वाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद हो गया था। इस मामले में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई थी। आरोपी पक्ष मुस्लिम था, लिहाजा मामला गरमा गया और हिंदू संगठन से जुड़े युवा एकत्र हो गए थे। मामले ने तूल पकड़ा और आरोपियों के घर मे तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई थी। पूरे क्षेत्र में तनाव के बीच पुलिस ने हत्यारोपी में से कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इन्तेजार व 30-40 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप हैक कि दूसरे पक्ष के 03 व्यक्तियों अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पुत्र भगवत प्रसाद के साथ मारपीट की गई। जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आयी और ग्रामीणों ने उपचार के लिए लेहमन अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पता चला था कि दोनों पक्षों के मध्य पूर्व से विवाद चल रहा था तथा विगत दो-तीन दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर उनके बीच आपस में कहा सुनी हुई थी। प्रकरण की गंभीरता व संवेदनशीलता को देखते हुए घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अलग अलग पुलिस टीमो का गठन किया गया था। घटना में शामिल रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र युनुस, जावेद पुत्र मासूम, शहबाज पुत्र शहीद, इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन और इन्तजार पुत्र जमील को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी थे। अलग अलग जगह दबिश दी जा रही थी। प्रयासों के दौरान घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त अमन को उसके 02 अन्य साथियों साजेव व आजम के साथ हरियाणा में यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया।


