
16 साल की लड़की को बाल विवाह से बचाया, दूल्हे समेत पांच लोगों पर केस दर्ज
देहरादून। ऊधम सिंह नगर में 16 साल की एक नाबालिग लड़की की शादी का मामला सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में बाल विवाह कानून के तहत दूल्हे और परिवार के सदस्यों समेत पांच लोगों पर केस दर्ज हुआ है।
जानकारी दी गई है कि यह कार्रवाई इंस्टीट्यूट फॉर सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (एवीए) की पहल पर हुई। ये दोनों संस्थाएं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) की सहयोगी हैं। जेआरसी बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाला नागरिक समाज संगठनों का देश का सबसे बड़ा नेटवर्क है। बताया शादी 18 नवंबर को जिले के गदरपुर ब्लॉक में हुई। दोनों परिवार एक ही गांव के हैं। आईएसडी को जैसे ही लड़की की शादी की सूचना मिली, तो उसने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को खबर दी। इस तरह बिना समय जाया किए प्रशासन के साथ इंस्टीट्यूट फॉर सोशल डेवलपमेंट और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन की संयुक्त टीम 18 नवंबर की देर रात गांव पहुंची। वहां लड़की के घर पर शादी हो चुकी थी। इस प्रकरण में टीम ने सक्रियता से बाल विवाह कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। लड़की को बचाकर वन स्टॉप सेंटर भेजा गया और दूल्हे पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी है।
बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इंस्टीट्यूट फॉर सोशल डेवलपमेंट की प्रोजेक्ट डायरेक्टर बिंदुवासिनी ने कहा, “बाल विवाह अपराध है और परंपरा या सामाजिक रीति-रिवाज के नाम पर कोई भी परिवार इस अपराध को सही नहीं ठहरा सकता। जब किसी नाबालिग लड़की की शादी की जाती है, तो उसके अधिकारों का हनन होता है।



