उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पुलिस से शासन तक 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं
17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले।
कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले



देहरादून :
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए पुलिस और शासन स्तर पर कुल 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके साथ ही शासन के कई महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों के तहत आबकारी, औद्योगिक विकास और गृह विभाग जैसे अहम विभागों में भी बदलाव किया गया है।
इस फेरबदल में पुलिस महकमे के कई महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किए गए। नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों के पुलिस कप्तानों को बदला गया।
शासन स्तर पर एल. फनई को आबकारी विभाग, आर. राजेश कुमार को औद्योगिक विकास और मेहरबान सिंह बिष्ट को गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन बदलावों के साथ शासन ने विभिन्न विभागों के कामकाज और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े दायित्वों का पुनर्वितरण किया है।
पुलिस और शासन दोनों स्तरों पर हुए इस फेरबदल को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।



